कैराना। कस्बा कैराना के मौहल्ला आल दरम्यिान में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक घटना में मकान के कमरे में आग लग जाने से एक महिला गंभीर रूप से झुलस गयी वहीं दो मासूम बच्चियों की दम घुटने से दुखद मौत हो गयी। पडौसियों की सूचना पर पुलिस व एम्बुलैंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर महिला को आनन-फानन में सरकारी अस्पताल भिजवाया जहां हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया गया। घटना से जहां परिवार में कोहराम मचा है वहीं मौहल्ले में भी शोक छाया हुआ है।

कस्बे के मौहल्ला आलदरम्यिान निवासी जसविन्दर उर्फ जस्सी हरियाणा के पानीपत में सब्जी व फल बेचने का काम करता है जबकि उसकी पत्नी अनिता व दो बच्चियां 6 वर्षीय वंदना व डेढ वर्षीय जसप्रीत कैराना में ही रहती हैं। बताया जाता है कि गुरुवार को जसविन्दर अपने काम से पानीपत गया हुआ था। दोपहर के समय पडौसियों ने जसविन्दर के मकान से धुआं निकलता देखा। अनहोनी की आशंका होने पर पडौसियों ने मामले की सूचना तुरंत कैराना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा मकान के कमरे का गेट खोला। कमरे में जसविन्दर की पत्नी अनिता आग में बुरी तरह झुलसी हुई थी जबकि दोनों बच्चियांे की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने अनिता को आनन-फानन में एम्बुलैंस के माध्यम से सरकारी अस्पताल भिजवाया तथा दोनों बच्चियों के शवों को भी अपने कब्जे में ले लिया। अस्पताल में अनिता की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रैफर कर दिया। आशंका जताई जा रही है कि दोनों बच्चियों की मौत आग के कारण पैदा हुए धुएं में दम घुटने से हुई है। पुलिस ने मामले की सूचना जसविन्दर को भी दी जिसके बाद वह मौके पर पहुंच गया। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है वहीं मौहल्ले मंे भी शोक छाया हुआ है।















